मसूरी गर्ल्स इंटर कालेज में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया
 


मसूरी। मसूरी गर्ल्स इंटर कालेज में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया  गया। जिसमें छात्राओं को संविधान की जानकारी दी गई। वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना का एक दिवसीय शिविर भी आयोजित किया गया। मसूरी गर्ल्स इंटर कालेज सभागार में आयोजित संविधान दिवस पर एनएसएस के तत्वाधान में संविधान की उदघोषणा पढ़ी गई। एनएसएस की स्वयंसेवी सना अंसारी ने संविधान दिवस का सूक्ष्म परिचय दिया व स्वयंसेवी अंबिका ने कविता मैं भारत का संविधान हूं सुनाकर संविधान की जानकारी दी। इस मौके पर भारतीय संविधान निर्माण पर विस्तृत चर्चा की गई जिसमें संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया। इस मौके पर प्रधानाचार्या अनीता डबराल ने स्वयं सेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का संविधान विश्व के सर्वोत्तम संविधानों में एक है, और भारत गणतंत्र संविधान से चलता है जिससे विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र और मजबूत हुआ है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज जनमानस संविधान में प्रदत्त अधिकारों की बात तो करता है लेकिन संविधान में दिए गये कर्तव्यों का निर्वहन नहीं करता। उन्होंने कहा कि अगर हर देश वासी अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक हो तो हमारा देश दुनियां में अग्रणी बन सकता है। इस मौके पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी चंद्रमा थलवाल, डा. देवेश्वरी नयाल, सहित शिक्षिकाएं एंव छात्राएं मौजूद रही।